संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन और लोक स्वराज का अभियान
11 में प्रातःकालीन सत्र। हम नई समाज व्यवस्था के अंतर्गत संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन का संदेश दे रहे हैं। हम वर्तमान समस्याओं की सूची और उनका वर्णन मात्र नहीं करते, बल्कि उन समस्याओं के कारण भी बताते हैं। हम उन समस्याओं का समाधान भी प्रस्तुत करते हैं और उन समाधानों को लागू करना भी प्रारंभ करते हैं।
हम फेसबुकिया लोग नहीं हैं कि फेसबुक पर दिनभर सवाल-जवाब करने तक ही अपने को सीमित कर लें। हम फेसबुक पर ऐसे लोगों को धन्यवाद कहकर पिंड छुड़ा लेते हैं। हम वैचारिक, बौद्धिक और फील्ड वर्क — तीनों स्तरों पर कार्य कर रहे हैं। हमारे साथी प्रतिदिन रात को डेढ़ घंटा ज़ूम पर बैठकर मानसिक व्यायाम करते हैं। वे दुनिया और भारत की सभी प्रकार की समस्याओं के समाधान पर विचारों का आदान-प्रदान करते हैं। यह कार्य पिछले दो वर्षों से चल रहा है।
हमारे साथी देशभर में घूम-घूमकर नए साथियों को तैयार कर रहे हैं, क्योंकि संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन हमारा लक्ष्य है। हम वर्तमान लोकतंत्र को लोक स्वराज में बदलने के लिए देशभर में जन-जागरण कर रहे हैं। हम परिवार व्यवस्था की वर्तमान कमजोरियों पर समाज के बीच खुली चर्चा कर रहे हैं। हम दुनिया भर में आए पर्यावरण संकट पर भी समाज को समाधान बता रहे हैं।
इस प्रकार हम राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक और सामाजिक — सभी प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए एक ओर जन-जागरण कर रहे हैं और दूसरी ओर उनके समाधान का प्रयत्न भी कर रहे हैं। हमें इस बात का संतोष है कि पूरे भारत से हमें सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
हम नई तकनीक का पूरा प्रयोग कर रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप और ज़ूम का भी उपयोग किया जा रहा है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि व्यवस्था परिवर्तन के मामले में हम भले ही अकेले चल रहे हों, लेकिन योजना बनाकर चल रहे हैं, सोच-समझकर चल रहे हैं, किसी बदलाव की दिशा में चल रहे हैं और सफलता की पूरी उम्मीद है।
व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में देशभर में जो अन्य संस्थाएँ कार्य कर रही हैं, उन संस्थाओं को हम बाहर से सहयोग देने के लिए भी तैयार हैं।
Comments